रांची- रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालुओं के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. घटना से जुड़ा वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रामगढ़ के एसपी अजय कुमार ने चार जैप जवान और एक गृह रक्षक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है.
जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के आदित्यपुर निवासी सौरभ कुमार, सुमन कुमार और प्रेम कुमार अपने परिवार के साथ रविवार को मां छिन्नमस्तिके देवी की पूजा-अर्चना करने रजरप्पा मंदिर पहुंचे थे.
बताया जाता है कि मंदिर में भीड़ अधिक होने के कारण वे लोग निकासी द्वार से अंदर प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और वहां मौजूद चार-पांच पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करने लगे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने लाठी, थप्पड़ और घूंसे से श्रद्धालुओं की पिटाई कर दी. इस दौरान श्रद्धालु की पत्नी और उसकी मां उसे बचाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन पुलिसकर्मी लगातार मारपीट करते रहे. बाद में मंदिर के पुजारियों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया.
घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गयी और मामले की जांच शुरू कर दी गयी.
घटना की जानकारी मिलने के बाद सोमवार को रामगढ़ एसपी अजय कुमार रजरप्पा मंदिर पहुंचे. उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और वहां मौजूद पुजारियों, दुकानदारों और पुलिसकर्मियों से पूरे मामले की जानकारी ली.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पूछताछ के दौरान पुजारियों ने बताया कि वे श्रद्धालु यह आरोप लगा रहे थे कि उनसे पैसे लेने के बाद भी मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा था. हालांकि पैसा किसने लिया और इस आरोप में कितनी सच्चाई है, यह जांच का विषय है.
तत्काल कार्रवाई करते हुए जैप जवान श्यामलाल महतो, राधेश्याम कुजूर, बहादुर उरांव, जॉनसन सुरीन और गृह रक्षक सिकंदर यादव को निलंबित कर दिया गया है.








