बक्सर- मंगलवार की रात बक्सर में जयमाल के मंच पर दुल्हन को गोली मार दी गई थी. करीब 13 घंटे बाद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए एसपी शुभम आर्य ने बताया कि लगातार छापेमारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. हालांकि घटना की पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. वहीं, एसपी ने कहा कि आरोपी से पूछताछ चल रही है, जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा.
बता दें कि मंगलवार को शादी समारोह पूरे धूमधाम से चल रहा था. जयमाल के लिए जैसे ही दुल्हन मंच पर पहुंची, तभी उसका कथित प्रेमी अचानक मंच पर चढ़ आया और दुल्हन को गोली मार दी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गोली लगते ही दुल्हन मंच पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी. समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था.
घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल दुल्हन को सदर अस्पताल बक्सर लाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया.
फिलहाल दुल्हन का इलाज वाराणसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. परिजनों ने बताया कि गोली दुल्हन शरीर के नाजुक हिस्से में लगी है, जिससे उसकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








