धनबाद- शहर के वार्ड संख्या 43 के बूथ संख्या 12 मिनी आईटीआई में बोगस वोटिंग के आरोप को लेकर जमकर हंगामा हुआ. विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस को स्थिति संभालने के लिए हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा.
दरअसल, वार्ड संख्या 43 के बूथ संख्या 12 मिनी आईटीआई में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई. जब कुछ लोगों ने बोगस वोटिंग का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया, देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए.
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार सुबह से ही दो-तीन पार्षद प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच तनातनी चल रही थी. दोपहर बाद मामला अचानक भड़क गया। बताया जा रहा है कि बैलेट पेपर से मतदान होने के कारण कुछ मतदाताओं, खासकर महिलाओं के बीच भ्रम की स्थिति बनी, जिसे लेकर विवाद शुरू हुआ.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बूथ पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं होने से स्थिति और बिगड़ी. इसी बीच किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जिसके बाद समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की और बढ़ गई.
इसकी सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा ताकि हालात काबू में आ सके.
लोगों ने इसे प्रशासनिक कुप्रबंधन बताया है और महिला पुलिस बल की अनुपस्थिति पर सवाल उठाए हैं. फिलहाल अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और मतदान दोबारा शांतिपूर्ण तरीके से कराया गया .
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








