मुजफ्फरपुर- बिहार के मुजफ्फरपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जिले के सकरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात करीब 2 बजे एक नाबालिग लड़के ने अपनी 15 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी करीब 8 किलोमीटर दूर सकरा थाना पहुंचा और सरेंडर करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस को देखकर घबरा गया और भागने लगा. संदेह होने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया. पूछताछ में नाबालिग ने अपनी प्रेमिका की हत्या की बात कबूल कर ली.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस जब उसके साथ लड़की के घर पहुंची, तब तक परिजनों को घटना की कोई जानकारी नहीं थी. पुलिस ने दरवाजे पर दस्तक दी, जिस पर मृतका के पिता दरवाजा खोलने बाहर आए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आंगन में बेटी को गिरा देख उन्हें पहले लगा कि वह बेहोश है, लेकिन पास जाने पर चारों ओर खून फैला देख सच्चाई सामने आई. पुलिस ने परिजनों को बताया कि बच्ची को गोली मारी गई है.
मृतका नौवीं कक्षा की छात्रा थी और उसका गांव के ही एक नाबालिग लड़के से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. बताया जा रहा है कि आरोपी रात में प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था. उस वक्त घर के सभी सदस्य सो रहे थे. वह कब और कैसे घर में घुसा, किसी को भनक तक नहीं लगी.
मृतका की मां ने बताया कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि बेटी की हत्या करने वाला लड़का कौन है और उसने गोली क्यों मारी? उन्होंने कहा कि वे लोग रात में खाना खाकर सो गए थे. मुख्य गेट की चाबी हमेशा उनके पास रहती है, लेकिन बगल का एक छोटा गेट खुला रह गया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आशंका है कि आरोपी उसी रास्ते से घर में दाखिल हुआ होगा. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल (SKMCH) भेज दिया.साथ ही मामले की जांच में जुट गयी है.








