सीवान- बिहार के सीवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात अपराधियों ने एक अखबार के पत्रकार रमेश कुमार सिंह को गोली मार दी. घटना पचरुखी बाजार के भवानी मोड़ के पास उस समय हुई जब पत्रकार अपने गांव जसौली खरग लौट रहे थे.
घटना को अंजाम देने के बाद पत्रकार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल पत्रकार को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पत्रकार रमेश कुमार को फेफड़े के दाहिनी ओर गोली लगी है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा अस्पताल पहुंचे और घायल पत्रकार से बातचीत कर मामले की जानकारी ली.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घायल पत्रकार ने बताया कि कुछ साल पहले पचरुखी में हुए एक गैंगवार में शामिल अपराधी ने मदद मांगी थी. केस से नाम हटवाने के लिए बोला था लेकिन मैंने मना कर दिया था. उस मामले में वह जेल चला गया था.
जेल से उसने धमकी दी थी. इसको लेकर मैंने थाने में शिकायत भी की थी. उसी ने मुझपर हमला करवाया है. हालांकि जेल से निकलने के बाद वह दुबई चला गया है. पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.








