रांची- रांची सिविल कोर्ट को मिली धमकी के बाद अब समाहरणालय यानी डीसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया.
जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी सक्रिय हो गए. डीसी ऑफिस परिसर में तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई. कार्यालय में मौजूद कर्मियों और आम लोगों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
एहतियातन पूरे समाहरणालय परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया. बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई. आने-जाने वालों की सघन जांच शुरू कर दी गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बम की आशंका को देखते हुए डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया. परिसर के हर कोने की गहन तलाशी ली जा रही है. फिलहाल पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
इससे पहले 6 फरवरी को रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. यह धमकी सिविल कोर्ट के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजी गई. मेल मिलते ही कोर्ट प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रांची पुलिस तुरंत हरकत में आ गईं.








