जमशेदपुर- जमशेदपुर के गोलमुरी में बुधवार सुबह एक फल कारोबारी पर बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी.इस घटना में फल कारोबारी गंभीर रूप से घायल है. इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया है.
कारोबारी पर हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. घटना में नामदा बस्ती निवासी फल कारोबारी कन्हैया यादव को सिर, हाथ और पैर में चार गोली लगी है. घटना के बाद अपराधी मौके पाकर फरार हो गये.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कन्हैया यादव रोज की तरह अपने मित्र रंजीत शर्मा के साथ टीनप्लेट स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में योग और वॉकिंग करने पहुंचे थे. योग और टहलने के बाद दोनों कुछ देर मैदान में बैठे रहे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
करीब 11 बजे कन्हैया यादव जैसे ही घर लौटने के लिए अपनी बाइक पर बैठे और चाबी लगायी, तभी पहले से घात लगाकर बैठे बाइक सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और सिर में सटाकर गोली मार दी. इसके बाद उसके हाथ और पैर में भी गोली चलायी. गोली लगते ही कन्हैया वहीं गिर पड़े. फायरिंग के बाद तीनों अपराधी बाइक से फरार हो गये.
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा और एक जिंदा गोली बरामद की है. इसके अलावा कन्हैया की गिरी हुई बाइक और एक जूता भी घटनास्थल से मिला है.
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने क्वार्टरों से बाहर निकल आये. वहीं, आस पास रह रहे स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल टीएमएच पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बतायी जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश के कारण गोली मारने की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि, घटना के पीछे के सटीक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है.
पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी मिले हैं, जिसके आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.








