पटना- राजधानी पटना में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. नियोजन भवन में पदस्थापित असिस्टेंट डायरेक्टर परमजय सिंह को पांच लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई निगरानी विभाग की विशेष टीम ने की.
जानकारी के मुताबिक इस मामले में शिकायत उपनिदेशक (डिप्टी डायरेक्टर) ओम प्रकाश की ओर से निगरानी विभाग को दी गई थी. शिकायत में रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था.
इसके बाद विभाग ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर सत्यापन किया. शिकायत की पुष्टि होने पर ट्रैप की योजना बनाई गई और तय समय पर कार्रवाई कर आरोपी अधिकारी को पकड़ लिया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
असिस्टेंट डायरेक्टर परमजय सिंह नियोजन भवन के पार्किंग एरिया में रिश्वत की राशि ले रहे थे. इसी दौरान निगरानी विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई है.
गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है. यह भी जांच की जा रही है कि रिश्वत की यह राशि किस काम के बदले ली जा रही थी और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं. अधिकारियों का कहना है कि लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड, फाइलें और अन्य दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं.
विजिलेंस विभाग ने संकेत दिया है कि जांच के दायरे को आगे बढ़ाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की जा सकती है. पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. आरोपी को अदालत में पेश करने की तैयारी भी की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








