पलामू- पलामू में ACB ने सरईडीह पंचायत के रोजगार सेवक जितेन्द्र कुमार राम को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को की गई.
जानकारी अनुसार, नौडीहा थाना क्षेत्र के खरडीहा गांव के रहने वाले 28 वर्षीय किसान राजन कुमार यादव ने ACB से शिकायत की थी कि मनरेगा योजना के तहत उनके खेत में सिंचाई कूप (कुआं) बनवाने की योजना का सरकारी रिकॉर्ड में एंट्री कराने के लिए रोजगार सेवक उनसे 7 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
राजन का कहना था कि वह कई बार जितेन्द्र से गुहार लगा चुका था, लेकिन हर बार उसे यही जवाब मिलता था—“पहले पैसा दो, तभी काम शुरू होगा।” बिना पैसे दिए काम करने से साफ मना कर दिया गया था। मजबूर होकर राजन ने इसकी शिकायत ACB से कर दी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने पूरे मामले की गोपनीय जांच की। जांच में यह बात सही पाई गई कि रोजगार सेवक वाकई रिश्वत मांग रहा था। इसके बाद पलामू ACB एसपी के निर्देश पर गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज की गई।
शुक्रवार को ACB की टीम ने पूरी योजना के तहत जाल बिछाया। शिकायतकर्ता राजन को रिश्वत के पैसे देकर जितेंद्र के पास भेजा गया। जैसे ही जितेन्द्र कुमार राम ने 7 हजार रुपये अपने हाथ में लिए, ACB की टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से पंचायत और आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। ACB अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7(a) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








