रांची- रांची सिविल कोर्ट को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. इस खबर से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया. आधिकारिक ई-मेल पर आई धमकी के बाद कोर्ट परिसर को पुलिस छावनी में बदला गया.
धमकी सिविल कोर्ट के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजी गई. मेल मिलते ही कोर्ट प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रांची पुलिस तुरंत हरकत में आ गईं.
सिविल कोर्ट परिसर को पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया. कोर्ट के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए. बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने कोर्ट परिसर के अंदर और आसपास सघन तलाशी अभियान शुरू किया. कोर्ट की इमारत, पार्किंग, रिकॉर्ड रूम और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई. एहतियातन कुछ समय के लिए कोर्ट परिसर में आम लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह धमकी उसी ई-मेल आईडी से भेजी गई है, जिससे पहले बिहार के कई अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. इसके अलावा, दिल्ली एनसीआर क्षेत्र की कुछ अदालतों को भी हाल के दिनों में इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं.
इस वजह से पुलिस इसे अंतरराज्यीय साजिश के तौर पर भी देख रही है.पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी वास्तविक है या अफवाह फैलाने की साजिश.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रशासन ने आम लोगों और कोर्ट आने वाले अधिवक्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है.








