मोतिहारी- डीआरआई पटना की क्षेत्रीय इकाई ने मोतिहारी में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने 31 किलोग्राम से अधिक चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। जब्त की गई चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 77 लाख 74 हजार 250 रुपये आंकी गई है।
बताया जा रहा है कि डीआरआई को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमा पार से चरस की बड़ी खेप पूर्वी चंपारण जिले के रास्ते लाई जा रही है। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए डीआरआई की विशेष टीम का गठन किया गया और संभावित मार्गों पर निगरानी शुरू की गई।
निगरानी के दौरान, छपवा-तुरकौलिया रोड, मोतिहारी के पास एक मोटरसाइकिल को रोका गया। बाइक पर सवार व्यक्ति एक जूट की बोरी ले जा रहा था। संदेह होने पर टीम ने बोरी की तलाशी ली, जिसमें 63 पैकेट चरस बरामद हुए। फील्ड ड्रग टेस्टिंग किट से जांच करने पर चरस होने की पुष्टि हुई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। अधिकारियों ने पाया कि मोटरसाइकिल के पेट्रोल टैंक में चरस छिपाने के लिए गुप्त तहखाना बनाई गई थी। इसके अलावा, मोटरसाइकिल की सीट के भीतर सहायक ईंधन प्रणाली लगाई गई थी, ताकि पेट्रोल टैंक में छिपाए गए मादक पदार्थों का किसी को संदेह न हो।








