कोडरमा- एक भारत श्रेष्ठ भारत योजना के तहत भारतीय रेलवे पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 33 प्रतिशत रियायती दर पर भारत गौरव यात्रा के लिए स्पेशल ट्रेन चलेगी. यह जानकारी आइआरसीटीसी के जोनल इंचार्ज मोइनक दत्ता ने कोडरमा रेलवे स्टेशन परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी.
जोनल इंचार्ज दत्ता ने बताया कि भारत गौरव पर्यटन ट्रेन से उज्जैन के ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, द्वारिका के द्वारिका मंदिर, बेट द्वारिका और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग और अहमदाबाद स्थित अक्षरधाम मंदिर का दर्शन और भ्रमण किया जा सकता है. इस ट्रेन की सुविधा यात्री पर्यटकों को आगामी 11 मार्च 2026 से मिलेगी, यह पूरी यात्रा आठ रात नौ दिन की होगी.
उन्होंने बताया कि इकोनॉमी (स्लिपर) क्लास में यात्रा करने के लिए यात्रियों को 18 हजार 850 रुपये प्रति व्यक्ति देना होगा. जबकि स्टैंडर्ड के लिए 3 एसी क्लास में यात्रा का शुल्क प्रति व्यक्ति 33 हजार 985 और कम्फर्ट श्रेणी के लिए 3 एसी क्लास में 41 हजार 990 प्रति व्यक्ति निर्धारित है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने बताया कि इसके अलावा श्रेणी के हिसाब से वातानुकूलित व गैर वातानुकूलित होटल में रात्रि विश्राम, सुबह, दोपहर व रात का भोजन बिल्कुल शाकाहारी होगा. इसके अलावा सुबह- शाम चाय व प्रतिदिन दो बोतल पानी दिया जायेगा.
हर डब्बे में पानी की अलग से व्यवस्था होगी. श्रेणी के हिसाब से घूमने के लिए वातानुकूलित और गैर वातानुकूलित बस की व्यवस्था के साथ-साथ कोच में सुरक्षा गार्ड, सफाई कर्मी, मेडिकल स्टाफ और टूर एस्कॉर्ट भी उपलब्ध रहेंगे.
जोनल मैनेजर मोइनक दत्ता ने बताया कि इच्छुक यात्री आइआरसीटीसी की वेबसाइट के साथ ही टोल फ्री मोबाइल संख्या 8595937711 पर अपनी टिकट बुक करा सकते हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अगर किसी कारण यात्री अपना बुकिंग यात्रा प्रारंभ होने के 15 दिन पहले तक रद्द करते हैं, तो 250 रुपये की कटौती होगी. वहीं, अगर यात्रा प्रारंभ होने से आठ से 14 दिन के अंदर बुकिंग रद्द होती है, तो 25 प्रतिशत राशि की कटौती होगी.
यात्रा प्रारंभ होने से चार से सात दिन के अंदर बुकिंग रद्द होती है, तो 50 प्रतिशत राशि की कटौती होगी. वहीं यात्रा प्रारंभ होने से चार दिन पहले बुकिंग रद्द होगी, तो कोई भी राशि वापस नहीं की जायेगी.
उन्होंने बताया कि यात्रा में पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों का शुल्क नहीं लगेगा. प्रेस वार्ता में आइआरसीटीसी के झारखंड टूरिज्म मैनेजर अरविंद चौधरी मौजूद थे.








