पटना- पटना स्टेशन परिसर में अब तक चल रही पुरानी पार्किंग व्यवस्था को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है. उसकी जगह स्मार्ट और प्रीमियम पार्किंग सिस्टम लागू कर दिया गया है. इस बदलाव के साथ पार्किंग शुल्क में भी बड़ा फेरबदल किया गया है.
दरअसल, पटना जंक्शन पर अब एयरपोर्ट की तर्ज पर प्रीमियम पार्किंग की सुविधा शुरू की गई है. इसकी शुरुआत 27 जनवरी से हुई है. यह 2031 तक लागू रहेगी. इसके बाद पार्किंग शुल्क में बदलाव हो सकता है.
नई व्यवस्था के तहत पार्किंग शुल्क वाहन खड़े करने की टाइमिंग पर निर्भर करेगा. तय समय के अनुसार अब यहां 20 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक का शुल्क देना पड़ सकता है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रीमियम पार्किंग व्यवस्था के तहत पटना जंक्शन में एंट्री करते ही वाहन चालकों को एयरपोर्ट की तरह एक इलेक्ट्रॉनिक पर्ची दी जाएगी. इस पर्ची में वाहन का नंबर और एंट्री का समय दर्ज रहेगा. पार्किंग शुल्क इसी दर्ज समय के आधार पर तय किया जाएगा.
जब वाहन स्टेशन परिसर से बाहर निकलेगा, तब एग्जिट गेट पर वही पर्ची जमा करनी होगी. पर्ची में दर्ज एंट्री टाइम और बाहर निकलने के समय की तुलना कर यह तय किया जाएगा कि वाहन कितनी देर तक परिसर में खड़ा रहा. उसी अवधि के अनुसार आपसे पार्किंग शुल्क वसूला जाएगा.
वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए पार्किंग क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक बूम बैरियर लगाए गए हैं. रेलवे प्रशासन ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग टैरिफ दरें भी तय की हैं. इसके साथ ही पार्किंग परिसर में हेलमेट रखने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. इस सुविधा के लिए 24 घंटे का शुल्क मात्र 10 रुपये निर्धारित किया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कितना लगेगा पार्किंग चार्ज
दो पहिया वाहनों के लिए दो घंटे के लिए 20 रुपए, छह घंटे के लिए 25 रुपए, 12 घंटे के लिए 30 रुपए, 24 घंटे के लिए 40 रुपए, 24 घंटे से ज्यादा के लिए 50 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से और मासिक शुल्क 1000 रुपए होगा.
चार पहिया वाहनों के लिए दो घंटे के लिए 80 रुपए, छह घंटे के लिए 200 रुपए, 12 घंटे के लिए 350 रुपए, 24 घंटे के लिए 400 रुपए और 24 घंटे से ज्यादा के लिए 500 रुपए प्रतिदिन देना होगा. इसमें जीएसटी भी शामिल है.
फ्री पार्किंग का कैसे उठा सकते हैं लाभ
अगर आप अपनी गाड़ी को स्टेशन परिसर में 8 मिनट तक रखते हैं तो आपको कोई चार्ज नहीं देना होगा. लेकिन, जैसे ही यह 8 मिनट से ज्यादा होगा तो फिर पार्किंग शुल्क लग जायेगा. दरअसल, शुरुआती 8 मिनट के समय पिक एंड ड्रॉप के लिए दिया गया है.








