पलामू- सोशल मीडिया पर वायरल रील के मामले में पलामू पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया है. यह कार्रवाई पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई है.
वहीं प्रशासनिक फेरबदल के तहत पुलिस अंचल निरीक्षक चंदन कुमार को हुसैनाबाद थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है. इस निर्णय के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है.
बता दें कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर थाना परिसर में थाना प्रभारी सोनू चौधरी द्वारा अपनी पत्नी के साथ बनाई गई एक रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रील में सरकारी परिसर का उपयोग निजी प्रचार और मनोरंजन के लिए किए जाने को लेकर सवाल उठे, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया. वायरल वीडियो सामने आने के बाद उच्च अधिकारियों ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए गंभीरता से लिया.
मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल जांच के आदेश दिए थे. जांच की जिम्मेदारी एसडीपीओ मोहम्मद याकूब को सौंपी गई थी. जांच के दौरान प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए थाना प्रभारी सोनू चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया गया है.
हालांकि, उनके विरुद्ध चल रही विस्तृत विभागीय जांच को लेकर अब तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








