बेतिया- बिहार के बेतिया में दर्दनाक हादसा हुआ. रील बनाने के दौरान दो किशोर अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए. इस घटना में दोनों किशोर की मौत हो गयी.
घटना इतनी जबरदस्त थी कि दोनों किशोर का शव कई टुकड़ों में रेलवे पटरी के पास बिखर गए. यह हादसा बेतिया-नरकटियागंज रेल लाइन गुलाब नगर रेलवे ढाला और साठी रेलवे स्टेशन के बीच की है.
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को अमृत भारत एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर से नरकटियागंज की ओर जा रही थी. इसी दौरान गुलाब नगर रेलवे ढाला और साठी रेलवे स्टेशन के बीच, पिलर 234/31 के पास दो युवक रेलवे ट्रैक के नजदीक खड़े होकर मोबाइल से रील बना रहे थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रील बनाने के दौरान दूसरी पटरी पर भी फौजी ट्रेन नरकटियागंज से मुजफ्फरपुर की दिशा में आ गई. दो ट्रैक पर एक साथ विपरीत दिशा से आती ट्रेनों को देखकर युवक घबरा गए. उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला. दोनों युवक बचने के चक्कर में अमृत भारत ट्रेन की चपेट में आ गए. दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों के शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गए. सूचना मिलते ही मौके पर सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे जमा हो गए. अफरा-तफरी का माहौल हो गया. आनन फानन में परिजन कई टुकड़ों में शव को उठाकर ले गए.








