डेस्क- भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 7 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने वाला है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा का हवाला देते हुए अपनी टीम को भारत भेजने से साफ मना कर दिया है. पिछले काफी दिनों से ICC और बांग्लादेश बोर्ड के बीच इस मुद्दे पर विवाद चल रहा था.
फैसले के बाद बांग्लादेशी खिलाड़ियों का दर्द छलक कर बाहर आया है. खिलाड़ियों ने साफ कर दिया है कि वर्ल्ड कप न खेलने का फैसला उनका नहीं, बल्कि वहां की अंतरिम सरकार का है. खिलाड़ियों का कहना है कि उनसे तो बस दिखावे के लिए पूछा गया, जबकि फैसला पहले ही लिया जा चुका था.
मामला तब गरमाया जब ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को अपना आखिरी फैसला सुनाने के लिए सिर्फ 24 घंटे का समय दिया था. यह डेडलाइन 21 जनवरी को दी गई थी. आईसीसी जानना चाहता था कि बांग्लादेश की टीम भारत आ रही है या नहीं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके जवाब में बांग्लादेश बोर्ड ने 22 जनवरी को साफ शब्दों में कह दिया कि वे भारत में अपनी टीम नहीं भेजेंगे. उन्होंने इसके पीछे अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को बड़ी वजह बताया. लेकिन अंदर की खबर कुछ और ही है जो अब खिलाड़ियों के बयानों से सामने आ रही है.
मीडिया रिपोर्ट की माने तो खिलाड़ियों का कहना है कि यह पूरा फैसला बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का है. खिलाड़ी ने दुख जताते हुए कहा कि पहले जब भी कोई बड़ा फैसला होता था, तो हमारे विचार सुने जाते थे. हमारी राय मायने रखती थी. लेकिन इस बार ऐसा कुछ नहीं हुआ.
यह सीधा सरकार की तरफ से आया हुआ आदेश था, जिसे मानने के अलावा हमारे पास कोई रास्ता नहीं था. खिलाड़ियों को इस बात का मलाल है कि इतनी बड़ी प्रतियोगिता से हटने से पहले उनकी रजामंदी लेना भी जरुरी नहीं समझा गया. यह साफ है कि खेल के ऊपर राजनीति हावी हो गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बांग्लादेश क्रिकेट के भविष्य को लेकर खिलाड़ी अब बहुत डरे हुए हैं. फैसला आने के बाद एक और खिलाड़ी ने कहा कि अगर हम टी20 वर्ल्ड कप में नहीं खेलते हैं, तो हमारे यहां क्रिकेट खत्म समझो. यह हमारे लिए सबसे बड़ा नुकसान होगा, लेकिन इसकी चिंता किसी को नहीं है.
खबरों की मानें तो मीटिंग में बांग्लादेश टी20 टीम के कप्तान लिटन दास और टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने वर्ल्ड कप खेलने की पूरी इच्छा जताई थी. उन्होंने समझाने की कोशिश भी की, लेकिन सरकार के सख्त फैसले के आगे उनकी एक न चली. अब देखना होगा कि इस फैसले का असर बांग्लादेश क्रिकेट और आईसीसी पर क्या पड़ता है.








