रांची- खूंटी से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक छात्र ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपहरणकर्ताओं के चंगुल से भागकर अपनी जान बचा ली.
छात्र ने 10 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर किसी तरह अपने घर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी परिजनों को दी. घटना गोड़ाटोली पंचायत अंतर्गत एक गांव की बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार पेलौल स्थित एक स्कूल में पढ़ने वाला छात्र परीक्षा देने के लिए घर से निकला था. रास्ते में पेन भूल जाने पर उसके पिता ने उसे 50 रुपये देकर दुकान भेजा. दुकान के पास खड़ी एक बोलेरो गाड़ी में सवार लोगों ने दुकानदार से कस्तूरी मांगी और छात्र को गाड़ी के पास भेजने को कहा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जैसे ही छात्र ने कस्तूरी दी, चार लोगों ने उसे जबरन बोलेरो में बैठा लिया और फरार हो गए. अपहरणकर्ता छात्र को पेलौल, आम्रेश्वरधाम होते हुए डोड़मा और फिर सरितकेल की ओर ले गए.
इसी दौरान रास्ते में गाड़ी रुकने पर छात्र ने साहस दिखाते हुए अपहरणकर्ताओं को धक्का दिया और खेतों के रास्ते भाग निकला. अपहरणकर्ता उसका पीछा करते रहे, लेकिन उसे पकड़ने में असफल रहे. हालांकि, छात्र का स्कूल बैग गाड़ी में ही छूट गया.
काफी दूर तक दौड़ने के बाद छात्र किसी तरह सुरक्षित अपने घर पहुंचा, जहां उसने परिजनों को पूरी घटना बताई. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है. छात्र के पिता मोरिस पूर्ति ने मुरहू थाना को घटना की सूचना दे दी है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इधर, मुरहू थाना प्रभारी ने बताया कि अपहरण जैसी कोई लिखित सूचना अभी तक थाने में प्राप्त नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से उन्हें इस मामले की जानकारी मिली है. बच्चे के बयान के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.








