वैशाली- बिहार के वैशाली से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आयी है जहां कथित तौर पर दहेज़ के लिए एक नवविवाहिता की हत्या कर दी गयी. इतना ही नहीं मृतका का शव उसके पिता के दरवाजे पर फेंक दिया गया.
मृतका के पिता जयप्रकाश महतो ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष लगातार पैसे की मांग कर रहा था, जिसे पूरा न करने पर उनकी बेटी को गला दबाकर मार डाला गया.
घटना का खुलासा घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से हुआ. फुटेज में आधी रात के बाद एक ब्लैक स्कॉर्पियो कार दिखाई देती है, जिसमें सवार कुछ लोग शव को मायके के दरवाजे के सामने फेंककर फरार हो जाते हैं. सुबह जब परिजनों ने बाहर शव देखा, तो घर में कोहराम मच गया और आसपास के लोग जुटकर पुलिस को सूचना दी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पिता ने बताया कि मृतका सरिता प्रकाश की शादी करीब नौ महीने पहले अप्रैल 2025 में वैशाली जिले के करताहां थाना क्षेत्र के करताहां बुजुर्ग गांव निवासी सत्येंद्र कुमार से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी.
पिता जयप्रकाश ने बताया कि शादी में अपनी सामर्थ्य अनुसार दहेज दिया गया, साथ ही जमीन रजिस्ट्री के नाम पर आठ लाख रुपये भी दिए गए। इसके बावजूद दामाद ने तीन लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की और बेटी को लगातार प्रताड़ित किया.
पिता ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 6 बजे सरिता से आखिरी बार बात हुई थी. बेटी ने कहा था कि 16 लाख रुपये जमा हो गए हैं और शुक्रवार को जमीन की रजिस्ट्री होनी है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हालांकि, मांग पूरी न होने पर प्रताड़ना बढ़ गई और हत्या कर दी गई. परिजनों का दावा है कि दामाद का अफेयर भी चल रहा था, जिससे विवाद और गहरा गया.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां मौत का कारण गला दबाना पाया गया.
घटना में प्रयुक्त ब्लैक स्कॉर्पियो को गुप्त सूचना पर लालगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव से बरामद किया गया. वहीं बरामद स्कॉर्पियो मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर ओपी में तैनात एसआई संतोष रजक की बताई जा रही है, जो मृतका के ससुराल पक्ष से संबंधित हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.








