डेस्क- यूपी के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुरादीपुर इलाके में नेशनल हाईवे-2 पर बेकाबू स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रहे तीन लोगों को कुचल दिया. इस हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया. सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला. पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा मुरादीपुर स्थित एनएच-2 पर हुआ, जहां तीन लोग सड़क पार कर रहे थे. तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और सीधे तीनों को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार, घायल की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है.
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है. पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.








