रांची- झारखंड मुक्ति मोर्चा अपने बूथ लेवल एजेंटों को प्रशिक्षण देगा, ताकि आने वाले दिनों में झारखंड में होने वाले एसआईआर के दौरान वे बूथों पर मुस्तैदी से काम कर सकें.
जिससे वास्तविक मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने से न छूट पाए. यह निर्णय सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला कमेटी की बैठक में केंद्रीय कमेटी द्वारा दिए गए निर्देश पर लिया गया है.
झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हेमलाल मुर्मू ने पत्रकारों को बताया कि पाकुड़ जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों पाकुड़, लिट्टीपाड़ा और महेशपुर के बूथ लेवल एजेंटों को झामुमो प्रशिक्षण देगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रशिक्षण के दौरान एसआईआर के तहत किए जाने वाले कार्यों, नए एवं छूटे हुए मतदाताओं का नाम जोड़ने के अलावे मतदाता सूची से वास्तविक मतदाताओं की पहचान के बारे में बताया जाएगा.
विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग कभी भी झारखंड में एसआईआर की घोषणा कर सकता है. इसलिए केंद्रीय कमेटी में राज्य के सभी जिलों में अपने बूथ लेवल एजेंटों को प्रशिक्षण देने का फैसला लिया है.
उन्होंने कहा कि केंद्रीय कमेटी के इसी फैसले के आलोक में झामुमो अपने बूथ लेवल एजेंटों को प्रशिक्षण देगा. इस दौरान बीएलए को एसआईआर के कार्यों के लिए उनके दायित्वों को बताने का काम किया जायेगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू ने झारखंड सरकार द्वारा पेसा कानून नियमावली को लागू किए जाने की जानकारी देते हुए बताया कि सभी प्रखंडों में झामुमो आमसभा आयोजित करेगा.
जिसमें आदिवासियों के पारपंरिक संगठनों के अलावे आम लोग हिस्सा लेंगे. जिसमें उन्हें नियमावली के लिए जारी अधिसूचना के बारीकियों की जानकारी दी जायेगी. ताकि ग्रामसभा और आदिवासियों को पेशा कानून में मिले अधिकारों से अवगत कराया जा सके.








