डेस्क- बांग्लादेश की टीम टी-20 वर्ल्ड कप खेलने भारत नहीं आएगी। यह जानकारी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने दी। बोर्ड ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से अपनी टीम के मैच श्रीलंका में कराने की मांग भी की है। बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को BCCI के आदेश पर IPL से बाहर करने के बाद BCB ने यह फैसला लिया है।
अब ICC तय करेगा कि बांग्लादेश के मैच श्रीलंका में होंगे या नहीं। यूनुस सरकार में खेल सलाहकार (खेल मंत्री) आसिफ नजरुल ने सोशल मीडिया पर भी इसकी जानकारी देते हुए BCB के फैसले का स्वागत किया। टी-20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में खेला जाना है। मैचों का शेड्यूल बदलना आसान नहीं है। सभी टीमों के टिकट पहले से बुक हैं।
बांग्लादेश के ग्रुप स्टेज में सभी चार मुकाबले भारत में ही शेड्यूल हैं। तीन मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर और एक मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने कहा, भारत में बांग्लादेशी प्लेयर्स की सुरक्षा को देखते हुए बोर्ड ने सरकार से सलाह लेने के बाद फैसला लिया है कि हमारी टीम वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं जाएगी। बोर्ड ने इस संबंध में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) को भी ऑफिशियल मेल भेज दिया है।
बता दें कि, इससे पहले 3 जनवरी को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुस्तफिजुर को टीम से बाहर कर दिया। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही हिंसा के बीच उन्हें टीम से हटाने की मांग उठ रही थी। इसके बाद BCCI ने शाहरुख खान की IPL टीम KKR को मुस्तफिजुर रहमान को हटाने का आदेश दिया था, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।








