पटना- नव वर्ष के अवसर पर विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ एवं शांतिपूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से आज मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी विनय कुमार ने उच्चस्तरीय बैठक की. बैठक में राज्य के सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों ने वीसी के माध्यम से भाग लिया.
बैठक में 31 दिसंबर और नए साल 1 जनवरी को राज्यभर में कानून-व्यवस्था में किसी तरह की चूक ना हो इसका विशेष निर्देश दिया गया. मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 31 दिसंबर एवं 1 जनवरी के दौरान सभी डीएम एवं एसपी भीड़-भाड़ वाले स्थानों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों तथा प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखें. इस दौरान उन्होंने किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या विवाद की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में डीजीपी ने कहा कि वर्ष के अंतिम दिन एवं नव वर्ष के अवसर पर युवाओं में शराब एवं नशीले पदार्थों की मांग रहती है. जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना रहती है. इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करना होगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
डीजीपी ने कहा कि तीर्थ स्थलों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की जाए. वरीय अधिकारियों की यह जिम्मेदारी होगी कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को सही ढंग से ब्रीफिंग एवं डी-ब्रीफिंग करें, ताकि सभी अपने कर्तव्यों को भली-भांति समझ सकें. डीजीपी ने गलियों, चौक-चौराहों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर विशेष जोर दिया.








