रांची- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को मोरहाबादी मैदान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में बिना नाम लिए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. कहा कि परीक्षा हो रहा है झारखंड में क्वेश्चन पेपर लीक हो रहा है नेपाल में, गजबे है.
निशाना साधते हुए कहा कि, विरोधियों ने अपने कार्यकाल के दौरान न नौकरी दी न ही रोजगार दिया. हम आने वाले दिनों में नौजवानों के लिए कई दरवाजे खोलेंगे. कई सारी नियुक्तियां अलग-अलग चरणों में होगी.
उन्होंने कहा कि अब तक राजस्व निरीक्षक, वेटनरी अफसर, शिक्षक, अंचल निरीक्षक, ये सारी बहाली हुई. पोलिटेक्निक में पहली बार हमारी सरकार ने प्रिंसिपल दिया. मेडिकल अफसर दिए. आज लाखों नौजवानों को अपने साथ जोड़ा है. इस दौरान 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सीएम ने कहा कि हमलोग कहने पर नहीं करने पर विश्वास करते हैं. उन्होंने सफल अभ्यर्थियों से कहा कि आप लोगों ने संघर्ष को जीतने के लिए जो परिस्थिति देखी, विरोधियों का षडयंत्र भी देखा. वो भी ऐसा षडयंत्र जो हमने कभी सपने में भी नहीं सोचा था.
इतने निचले स्तर पर जाकर नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना चाहते हैं. क्यूआर कोड से कोर्ट कचहरी के नाम पर चंदा इक्टठा कर रहे थे. ऐसा भी होता है हमने पहली बार सुना. अगली बार नहीं सुनेंगे. ऐसा काम जो करेगा वो सीधे जेल जाएगा.
सीएम ने कहा कि इस परीक्षा को लेकर किन-किन चीजों का सामना करना पड़ा ये आपको भी पता है. नेक ईरादा हो तो कोई भी मंजिल पाई जा सकती है. इसके लिए हमारे पदाधिकारी भी प्रेशर में रहे. वहीं, विरोधी भी पीछे हटने को तैयार नहीं थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सीएम ने इसके लिए जेएसएससी के कर्मी, प्रभारी अध्यक्ष प्रशांत कुमार और एसीबी टीम को बधाई दी. कहा कि इन्होंने ईमानदारी से परत दर परत चीजों को साफ करते हुए पारदर्शिता के साथ अपने पक्षों को रखा. उसी का परिणाम है कि आज आपके चेहरे पर मुस्कान है.








