पटना- 2 जनवरी तक बिहार के अधिकांश जिलों में ठंड से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं. दिन का अधिकतम तापमान कई जगह 13 डिग्री के आसपास पहुंच गया है, जिससे दिन में भी कंपकंपी महसूस हो रही है.
बीते 10 दिनों से लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. सर्द पछुआ हवा के चलते ठंड और ज्यादा चुभने लगी है. नए साल की शुरुआत भी लोगों को कड़ाके की ठंड के बीच करनी पड़ेगी.
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य में पछुआ हवा का प्रकोप बना रहेगा. यही वजह है कि तापमान में मामूली बढ़ोतरी के बावजूद ठंड का असर कम नहीं हो रहा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
खासतौर पर सुबह और रात के समय सर्दी ज्यादा सताने वाली है. राजधानी पटना समेत कई जिलों में दिन और रात के तापमान में बहुत कम अंतर रह गया है, जिससे पूरे दिन ठंड का एहसास बना हुआ है.
29 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच दक्षिण बिहार के 12 जिलों में ज्यादा ठंड और शीतलहर जैसी स्थिति रहने की चेतावनी जारी की गई है. इनमें पटना के अलावा बेगूसराय, शेखपुरा, नवादा, नालंदा, जहानाबाद, गया, अरवल, औरंगाबाद, भोजपुर, बक्सर, रोहतास और भभुआ शामिल हैं. इन जिलों में लोगों को खास सतर्क रहने की जरूरत है, खासकर बुजुर्गों और बच्चों को.
अगले 5 से 7 दिनों तक उत्तर बिहार के अधिकांश हिस्सों में और दक्षिण बिहार के कई जिलों में घना कुहासा छाए रहने की संभावना है. रविवार को भी पश्चिमी और मध्य बिहार के जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी रहने के आसार हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के पश्चिमी व मध्य इलाकों में सुबह-शाम घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है. कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ सकता है.








