रांची- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस रविवार को पूरे देश के साथ-साथ झारखंड की राजधानी रांची में भी उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया.
इस अवसर पर रांची स्थित कांग्रेस कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्थापना दिवस का जश्न मनाया. कांग्रेस कार्यालय को पार्टी के झंडों और बैनरों से सजाया गया था. वहीं इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला.
कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी ध्वजारोहण के साथ की गई. इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और पार्टी के 140 वर्षों के गौरवशाली इतिहास को याद किया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस मौके पर स्वतंत्रता आंदोलन में कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका, संविधान निर्माण में योगदान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए गए संघर्षों को रेखांकित किया गया.
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. साथ ही आने वाले समय में संगठनात्मक मजबूती, जनसंघर्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया गया.
ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच कांग्रेस कार्यालय का माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण और जोश से भरा रहा. स्थापना दिवस न केवल उत्सव का अवसर रहा, बल्कि पार्टी के इतिहास, संघर्ष और भविष्य की दिशा पर मंथन का मंच भी बना.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में यह संदेश दिया कि पार्टी जनता के हितों और संविधान की रक्षा के लिए आगे भी संघर्ष करती रहेगी.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है. जिसने देश को आजादी दिलाने से लेकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने तक अहम भूमिका निभाई.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश की एकता और अखंडता को प्राथमिकता दी है और आज भी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी है.
वहीं झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि कांग्रेस का 140 वर्षों का इतिहास त्याग, संघर्ष और जनसेवा से भरा हुआ है.
उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की आवाज को बुलंद की है. मौजूदा दौर में भी कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों जैसे मुद्दों पर लगातार संघर्ष कर रही है.








