जमुई- बिहार के जमुई में शनिवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया. जसीडीह-झाझा रेलखंड पर सीमेंट से लदी एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई, जिसमें करीब 8 डिब्बे बेपटरी हो गए. हादसा इतना भयानक था कि कई डिब्बे पुल से नीचे नदी में जा गिरे.
डिब्बे पटरी से उतर जाने के कारण हावड़ा-पटना-दिल्ली रेल मार्ग की सारी रेल सेवाएं बाधित हो गई हैं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी की इस हादसे में किसी के भी हताहत होने की अब तक कोई सूचना नहीं मिली है.
अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना शनिवार को रात के करीब 11 बजकर 25 मिनट पर पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत लाहाबन और सिमुलतला रेलवे स्टेशन के बीच में हुई है. जिसके कारण करीब 24 ट्रेन का परिचालन प्रभावित हुआ है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना भी करना पड़ रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कई एक्सप्रेस और अन्य यात्री ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के समय में बदलाव भी किया गया है. वहीं कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से भी निकाला जा रहा है. 12369 हावड़ा–देहरादून कुंभ एक्सप्रेस, 13105 सियालदह–बलिया एक्सप्रेस, 13030 मोकामा–हावड़ा एक्सप्रेस और कई मेमू ट्रेन रद्द कर दी गई हैं.
आसनसोल, मधुपुर और झाझा रेलवे स्टेशनों से दुर्घटना राहत ट्रेन घटनास्थल पर भेजी गई हैं. पटरियों से क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने और रेल यातायात को बहाल करने के लिए कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है.
इसके अलावा कई एक्सप्रेस ट्रेनों को धनबाद–गया सहित अन्य मार्गों से निकाला जा रहा है. अधिकारियों ने बताया कि इनमें 12305 हावड़ा–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, 22347 हावड़ा–पटना वंदे भारत एक्सप्रेस, 22500 वाराणसी–देवघर वंदे भारत एक्सप्रेस, 22499 देवघर–वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस और 13332 पटना–धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








