लातेहार- जिला मुख्यालय से सटे हुए जंगल में एक व्यक्ति का शव मिला है. जिसकी शिनाख्त मनोज उरांव नामक शख्स के रूप में हुई है. यह युवक पिछले 20 दिनों से लापता बताया जा रहा है.
मामले की जानकारी होने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है. मृतक के पास ही एक मोटरसाइकिल भी पड़ी हुई थी. मामला हत्या का है या फिर कोई और इसकी जांच पुलिस कर रही है.
इधर, घटना के बाद मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और इसे पूरी तरह हत्या का मामला बता रहे हैं. मृतक के पिता बालेश्वर उरांव ने बताया कि उनका बेटा मनोज उरांव गत 3 दिसंबर से ही घर से गायब था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
काफी खोजबीन करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो चंदवा थाना में इस संबंध में आवेदन भी दिया था. मृतक के पिता ने बताया कि जब यह मामला स्थानीय विधायक के द्वारा विधानसभा में उठाया गया तो दबाव में आकर चंदवा थाना प्रभारी ने उनके आवेदन पर जांच शुरू की.
इस संबंध में लातेहार डीएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन की. उन्होंने बताया कि शव काफी खराब हो गया है, इसलिए स्पेशल टीम के समक्ष इसकी फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई.
शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही काफी कुछ खुलासा हो सकता है. उन्होंने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








