सीवान- बिहार के सिवान जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां पटना में तैनात बिहार पुलिस के सहायक अवर निरीक्षक (ASI) लालू साह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी.
रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के नावादा मोड़ के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बुलेट को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर मौत हो गई. हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
रघुनाथपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार ट्रक व उसके चालक की पहचान करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मिली जानकारी अनुसार, मृतक लालू साह (41 वर्ष) दरौली थाना क्षेत्र के डुमरांहर बुजुर्ग गांव के रहने वाले थे। पटना में अपनी ड्यूटी पूरी कर बुलेट मोटरसाइकिल से वे जैसे ही रघुनाथपुर के नावादा मोड़ के समीप पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि लालू साह सड़क पर दूर जा गिरे और उनके शरीर में गंभीर चोटें आईं। हादसे की खबर मिलते ही जब घायल अवस्था में उन्हें रघुनाथपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
ASI लालू साह अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर ट्रकों की बेलगाम रफ्तार आए दिन मासूमों की जान ले रही है, लेकिन प्रशासन इस पर अंकुश लगाने में विफल साबित हो रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








