नालंदा- नालंदा के बिहार थाना इलाके के गढ़पर मोहल्ले में शुक्रवार को सड़क किनारे से एक युवक की लाश मिली. स्थानीय लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
एफएसएल की टीम बुलाई गई. मृतक की पहचान नूरसराय थाना क्षेत्र के कोकचलक गांव निवासी 23 वर्षीय मंटू कुमार उर्फ गोलू कुमार के रूप में हुई.
मंटू के परिजनों ने बताया कि मंटू दो महीने से बिहारशरीफ में किराए के मकान में रह रहा था. कुछ दोस्तों के साथ रहकर जमीन की खरीद-बिक्री में जुटा था. बीती रात उसने घर पर फोन कर घबराहट भरी आवाज में पैसों की मांग की थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उसने कहा था जल्दी पैसा भेज दो मेरी जान जा रही है. इस पर उसकी बहन ने घबराकर मंटू द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड पर कुछ पैसे ट्रांसफर भी किए. पुलिस अब उस नंबर और क्यूआर कोड के आधार पर भी जांच कर रही है.
मंटू के शरीर पर जख्म के निशान मिले हैं. पुलिस शुरुआती जांच में इसे हत्या मान रही है. सदर डीएसपी नूरुल हक ने बताया कि शव को देखकर लग रहा है कि युवक की कहीं और हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंका गया है.








