डेस्क- राजस्थान के हनुमानगढ़ में किसानों ने बवाल काटा हुआ है. टिब्बी कस्बे और आस-पास के गांवों में पिछले 24 घंटे से इंटरनेट बंद है और धारा 163 लागू है.
स्कूल-कॉलेज, बाजार-दुकानें बंद हैं. पूरा इलाका पुलिस छावनी बना हुआ है. किसानों और पुलिस की झड़प में करीब 70 किसान घायल हुए हैं. पुलिस ने किसानों पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कांग्रेस विधायक अभिमन्यु पूनिया का सिर फूट गया.
वहीं पुलिस की कार्रवाई से गुस्साए किसानों ने पुलिस की 18 गाड़िया फूंक दी. फैक्ट्री की दीवार तोड़ दी और अंदर घुसकर ऑफिस पर आग लगा दी. पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो पलटवार करते हुए पथराव किया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भड़के किसानों को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, जिससे कई किसान घायल हुए. वहीं अब फैक्ट्री के आस-पास रहने वाले करीब 30 परिवार पलायन कर गए हैं. करीब 100 किसान टिब्बी के गुरुद्वारे में ठहरे हुए हैं.
दरअसल, किसान केंद्र सरकार के इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल (EBP) प्रोग्राम के तहत डेवलप हो रहे प्रोजेक्ट का विरोध कर रहे हैं, क्योंकि किसानों का कहना है कि इससे भूजल प्रदूषित होगा और वायु प्रदूषण बढ़ेगा.
जमीन बंजर हो सकती है और लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी यह हानिकारक है. फैक्ट्री को लगाने के लिए पर्यावरण विभाग की मंजूरी भी नहीं मिली है, इसलिए किसान का कहना है कि पर्यावरण मंजूरी और लोगों की सहमति मिलने बिना वे फैक्ट्री नहीं लगने देंगे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
फैक्ट्री को बंद करवाने के लिए 15 महीने से किसान शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे, लेकिन बीते दिन मोर्चा खोलते हुए बीते दिन किसानों ने महापंचायत बुलाई, जिसके बाद किसान फैक्ट्री बंद कराने के लिए निकले तो पुलिस ने भीड़ को रोका.
इस दौरान पुलिस और किसानों में झड़प हो गई. इस टकराव ने हिंसक रूप धारण कर लिया, जिसके बाद इलाके को घेरकर हनुमानगढ़ शहर से बाहर टिब्बी चौराहे पर बैरिकेडिंग की और दुकानें-बाजार बंद करवा दिए. स्कूल-कॉलेज भी बंद हैं.








