अरवल- अरवल डीएसपी कृति कमल और अन्य पुलिसकर्मियों की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं. अरवल मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मनीष कुमार पांडेय की अदालत ने डीएसपी कृति कमल, करपी थानाध्यक्ष उमेश राम और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है.
इससे पहले भी अदालत ने डीएसपी कृति कमल और अन्य पुलिसकर्मियों को गैर-जमानती धाराओं के तहत समन और जमानती वारंट जारी किया था. इसके बावजूद आरोपियों ने न्यायालय में अपनी उपस्थिति नहीं दी. इस पर अदालत ने अगला कानूनी कदम उठाते हुए गैर जमानती वारंट जारी किया.
जानकारी के अनुसार, यह मामला अरवल के करपी थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है. परिवादनी प्रदेश राजद सचिव रामाशीष सिंह रंजन और अरवल जिला मुखिया संघ अध्यक्ष अभिषेक रंजन की बहू तनीषा सिंह ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृति कमल, करपी थानाध्यक्ष उमेश राम, राघव कुमार झा, प्रीति कुमारी, रोहित कुमार समेत अन्य को आरोपी बनाया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आरोपियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिनमें महिला के साथ अभद्रता, उसकी लज्जा भंग करना, मारपीट, गंभीर चोट पहुंचाना और अन्य अमानवीय कृत्य शामिल हैं.
अरवल एसपी मनीष कुमार ने बताया कि अदालत से डीएसपी कृति कमल और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ नॉन-बेलेबल वारंट (एनबीडब्ल्यू) निर्गत हुआ है. फिलहाल संबंधित अधिकारी छुट्टी पर हैं और उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है.
एसपी ने कहा कि विधिसम्मत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. सूत्रों के अनुसार, डीएसपी कृति कमल अभी फरार हैं. 25 नवंबर को गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








