नवादा- बिहार के नवादा में 26 नवंबर को पुलिस कस्टडी में नाबालिग की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है. नवादा एसपी अभिनव धीमान ने थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है. इस मामले में थानाध्यक्ष अक्षय कुमार गुप्ता, सहायक थानाध्यक्ष लवेश्वर कुमार धान चौकीदार कपिलदेव, और होमगार्ड हरेराम कुमार पर गाज गिरी है.
क्या है पूरा मामला-
एक नाबालिग छात्रा की मां ने थाने में लिखित आवेदन देकर शिकायत की थी कि उसकी बेटी घर से एडमिट कार्ड लाने गयी थी, जो 25 नवंबर तक अपने घर वापस नहीं लौटी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
खोजबीन के दौरान आसपास के लोगों द्वारा बताया गया कि एक नाबालिग लड़के और उसके दो दोस्तों के साथ लड़की को देखा गया था. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 26 नवंबर को सभी को बरामद कर लिया और नाबालिग लड़के को रात करीब 8:30 बजे थाने लेकर आ गई.
नाबालिग लड़के को चौकीदार कपिलदेव पासवान की निगरानी में रखा गया था, लेकिन 27 नवंबर को सुबह लगभग 07:15 बजे जानकारी मिली कि लड़के की पुलिस कस्टडी में संदिग्ध मौत हो गई है.
पुलिस नाबालिग को इलाज के लिए जब प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र काशीचक लेकर आई तो चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पकरीबरावां को निर्देशित किया गया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
नाबालिग की मौत की जानकारी जैसे ही उसके परिजनों और ग्रामीणों को मिली सभी उग्र हो गए और अस्पताल को घेर कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया. ग्रामीणों ने पुलिस के दो वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया और जमकर हंगामा किया गया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस की प्रताड़ना से उसकी मौत हुई है.
पूरे इलाके में बीते दिनों तनाव और रोष की स्थिति बनी हुई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने एक्शन लिया और थानाध्यक्ष अक्षय कुमार गुप्ता समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है.








