कोडरमा- कोडरमा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर एक युवक को ₹40 लाख कैश के साथ पकड़ा गया. युवक की पहचान 19 साल के अमित कुमार के रूप में हुई है, जो जमुई के सिकंदरा का रहने वाला है.
दरअसल, जीआरपी इंचार्ज उपेंद्र कुमार को सूचना मिली कि एक आदमी कोडरमा से कोलकाता ट्रेन से बड़ी रकम कैश लेकर जा रहा है. सूचना के बाद जीआरपी टीम ने कोडरमा स्टेशन के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर चेकिंग शुरू की. इसी बीच, प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर एक युवक बैग के साथ खड़ा मिला.
शक होने पर जब उसके बैग की तलाशी लेने के लिए कहा गया, तो युवक ने मना कर दिया. इसके बाद युवक और उसके बैग को पूछताछ के लिए जीआरपी पोस्ट लाया गया. उसके बैग से ₹40 लाख कैश बरामद हुए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह सोने-चांदी का व्यापारी है और शॉपिंग के लिए कोलकाता पैसे ले जा रहा था. जीआरपी ने उससे पैसे से जुड़े डॉक्यूमेंट्स दिखाने को कहा. उसने इसके लिए कोई डॉक्यूमेंट्स नहीं दिखाए.
जीआरपी इंचार्ज उपेंद्र कुमार ने बताया कि मजिस्ट्रेट के सामने उक्त पैसे की सीजर लिस्ट तैयार की जाएगी और अमित कुमार को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को सौंप दिया जाएगा. इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम को इस बारे में बता दिया गया है.
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार युवक से जब डॉक्यूमेंट्स दिखाने के लिए कहा गया तो वह लगातार अपना बयान बदल रहा है. उसने डॉक्यूमेंट्स दिखाने के लिए जीआरपी से एक दिन का समय मांगा था, लेकिन अब उसका कहना है कि वह कैश में सोने-चांदी का काम करता है, इसलिए उसके पास डॉक्यूमेंट्स नहीं हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








