पटना- बैटरी कारोबारी से बाहूबली विधायक अनंत सिंह के नाम पर 2 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. इस मामले में तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इस मामले को 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया।
दरअसल, 23 नवंबर को पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में बैटरी कारोबारी आशीष कुमार को एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बाहुबली विधायक अनंत सिंह का आदमी बताते हुए 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। रंगदारी नहीं देने पर कारोबारी के बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत तकनीकी जांच शुरू की। जांच में पता चला कि यह पूरा प्लान कारोबारी के ही ड्राइवर विक्की कुमार ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर बनाया था।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पूछताछ में सामने आया कि जिस नंबर से रंगदारी की कॉल की गई थी, वह फोन औरंगाबाद के एक व्यक्ति से छीना गया था। पुलिस ने इस मामले में चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें एक फोन का इस्तेमाल रंगदारी कॉल के लिए किया गया था।
पटना पुलिस ने बताया कि मामला पूरी तरह टेक्निकल इनपुट के आधार पर सुलझाया गया है और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है।








