गया- एक बेटे ने संपत्ति हड़पने के लालच में अपनी जिंदा मां का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया और उनकी सारी संपत्ति अपने नाम कर ली. पीड़ित मां अभी पूरी तरह जिंदा हैं और इस कलयुगी करतूत के खिलाफ न्याय की गुहार लगा रही हैं.
मामला गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गोसाई बाग मोहल्ले का है. पीड़ित महिला मीना देवी ने बताया कि उनका बड़ा बेटा दिलीप प्रसाद ने उनकी अनुपस्थिति में नगर निगम और अंचल कार्यालय में फर्जी कागजात जमा कर मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया. इस आधार पर उसने मां के नाम की सारी संपत्ति अपने नाम ट्रांसफर करा ली.
पीड़िता मीना देवी और छोटा बेटा धर्मेंद्र कुमार ने डीएम और एसएसपी को लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है. उन्होंने कहा कि फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर की गई संपत्ति ट्रांसफर रद्द की जाए और दिलीप प्रसाद को घर से बेदखल किया जाए. कोतवाली थाने में भी शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मीना देवी ने कहा, “धन के लालच में मेरा बेटा मुझे जीते जी मार चुका है. मैं अभी छोटे बेटे के साथ रांची में रह रही हूं, लेकिन दिलीप ने यही मौका देखकर मुझे मृत घोषित कर दिया. अब वह और उसकी पत्नी कहते हैं कि मां मर चुकी है, संपत्ति लिखकर गई है.
मीना देवी के छोटे पुत्र धर्मेंद्र कुमार ने बताया, “मां मेरे साथ रांची में रह रही थीं. इसी बीच बड़े भाई दिलीप प्रसाद ने खुद को इकलौता वारिस बताकर मां का डेथ सर्टिफिकेट बनवाया और सारी प्रॉपर्टी अपने नाम कर ली. नगर निगम और अंचल कार्यालय में कोई सत्यापन नहीं किया गया.”
गुस्से और दर्द से भरी मीना देवी ने साफ कहा, “जिस बेटे ने मुझे जीते जी मृत घोषित कर दिया, उसके लिए मेरे घर में कोई जगह नहीं है. मैं उसे संपत्ति में एक ईंट तक नहीं दूंगी. पूरा मकान किराए पर दूंगी और उसी से अपना गुजारा करूंगी. वह घर खाली करे, बस यही चाहती हूं.”
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








