दरभंगा- बिहार चुनाव रिजल्ट के बाद नेताओं को लेकर कई पोस्ट सोशल मीडिया पर देखने को मिला. हाल ही में पीएम मोदी, सीएम नीतीश कुमार और लोकगायिका सह अलीनगर से बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर को लेकर आपत्तिनजक पोस्ट किया गया था. इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है.
इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुजरात के जामनगर से पंकज कुमार को गिरफ्तार किया है. इसकी पुष्टि दरभंगा एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने की है. दरभंगा पुलिस के अनुसार बहेड़ी थाना के उजैना गांव का रहने वाला पंकज कुमार ने अपने इंस्टाग्राम ‘पंकज यादव ऑफिसियल’ आईडी से शुक्रवार को पीएम मोदी, सीएम नीतीश कुमार और मैथिली ठाकुर को लेकर आपत्तिनजक तस्वीर और रील शेयर किया गया.
दरअसल, पोस्ट सामने आते ही दरभंगा एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने साइबर थाना को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया. इसके बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गयी. इंस्टाग्राम आईडी का लोकेशन ट्रेस किया गया तो वह गुजरात में बताया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके बाद दरभंगा पुलिस ने गुजरात पुलिस को इसकी जानकारी दी. गुजरात की जामनगर पुलिस ने पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद दरभंगा पुलिस गुजरात के लिए रवाना हो गयी है. आरोपी को बिहार लाया जा रहा है. इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बताया जा रहा है कि पंकज कुमार गुजरात की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है. स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले पिता के निधन पर वह गांव आया था. इसके बाद फिर से गुजरात चला गया. वहीं से उसने सोशल मीडिया पर आपत्तिनजक पोस्ट किया था.








