डेस्क- सउदी अरब में भारतीय उमराह तीर्थयात्रियों (उमराह करने गए) से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है. इस हादसे में 42 लोगों की मौत हो गई है. जबकि सिर्फ एक ही व्यक्ति जीवित बचा है.
घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतकों में सभी 42 लोग हैदराबाद, भारत के निवासी बताए जा रहे हैं. हादसे पर विदेश मंत्री एस जयशंकर और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने दुख जताया है
जानकारी के अनुसार, हैदराबाद की दो ट्रैवल एजेंसियों की बस में 43 तीर्थयात्री उमराह करने मक्का से मदीना जा रहे थे. तभी मुफरीहाट इलाके में भारतीय समयानुसार रात लगभग 1:30 बजे अचानक बस की टक्कर एक डीजल टैंकर से हो गई. टक्कर के बाद बस में आग लग गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, बस में सवार अधिकांश यात्री तेलंगाना के हैदराबाद से थे। जेद्दाह में भारतीय दूतावास ने भी एक 24×7 नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है और सहायता के लिए एक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर (8002440003) जारी किया है।
AIMIM प्रमुख और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि 43 हज यात्री बस से मक्का से मदीना जा रहे थे. तभी बस में आग लग गई. 42 लोगों में से सिर्फ एक ही जान बच पाई है.
ओवैसी ने रियाद स्थित भारतीय दूतावास में डिप्टी चीफ ऑफ मिशन (DCP) अबू माथेन जॉर्ज से बात की है. उन्होंने आश्वासन दिया है कि वे स्थानीय अधिकारियों से जानकारी जुटा रहे हैं और जल्द ही उन्हें जानकारी देंगे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ओवैसी ने हैदराबाद की दोनों ट्रैवल एजेंसियों से भी संपर्क किया है और यात्रियों का विवरण रियाद दूतावास और विदेश सचिव के साथ साझा किया है. AIMIM प्रमुख ने केंद्र सरकार व विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मांग की है कि वे शवों को भारत वापस लाएं और अगर कोई घायल हुआ है तो यह सुनिश्चित करें कि उसे उचित इलाज मिले.
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने भी हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने लिखा कि सऊदी अरब के मदीना में भारतीय नागरिकों के साथ हुई दुर्घटना से गहरा सदमा पहुंचा है.
रियाद स्थित हमारा दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास इस दुर्घटना से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को पूरी सहायता प्रदान कर रहे हैं. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.








