डेस्क- पुणे के नवले पुल पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया. दो कंटेनर ट्रक टकरा गए जिससे एक ट्रक में आग लग गई. एक कार दोनों ट्रक के बीच में फंस गई और पूरी तरह जल गई. हादसे में कार सवार 5 लोग जिंदा जल गए। ट्रक ड्राइवर समेत 9 लोगों की मौत हो गई। हादसे में करीब 20 लोग घायल भी हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक हादसा पुणे-नासिक हाईवे पर भोरगांव के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह से कंटेनर और ट्रक के बीच दब गई और आग लगने के कुछ सेकेंड में ही लपटों में घिर गई। मृतकों की पहचान की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। हादसे में घायल हुए सभी लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि ट्रक और कंटेनर सतारा से पुणे की ओर आ रहे थे। कार इनके बीच फंस गई। हादसे के कारण नवले ब्रिज पर लंबा जाम लग गया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ट्रक में आग लगने से इसका ड्राइवर बाहर नहीं निकल सका। लिहाजा उसकी भी जलकर मौत हो गई। पीछे एक यात्री वाहन था, वह भी आग की चपेट में आ गया। उसमें 17-18 लोग सवार थे। सभी घायल हुए हैं। इसके अलावा कुछ कारें और अन्य वाहन भी आपस में टकरा गए।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस बात की जांच की जा रही है कि दुर्घटना कैसे हुई. फिलहाल, हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को अस्पताल में तुरंत इलाज मिले.








