पटना- पटना जिले की सभी 14 विधानसभा सीटों की मतगणना को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. मतगणना कार्य शुक्रवार को सुबह 8 बजे से पटना के एएन कॉलेज में शुरू होगी.
इसी क्रम में गुरुवार को समाहरणालय पटना स्थित एनआईसी में मतगणना कर्मियों का द्वितीय रैंडमाइजेशन किया गया. यह प्रक्रिया मतगणना प्रेक्षकों, जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम और निर्वाची पदाधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई.
ईवीएम की गणना के लिए 672 कर्मियों का रैंडमाइजेशन किया गया है, जिसमें 224 पर्यवेक्षक, 224 सहायक और 224 माइक्रो ऑब्जर्वर होंगे. वहीं पोस्टल बैलेट की गिनती के लिए कुल 248 कर्मियों को लगाया गया है, जिनमें 62 पर्यवेक्षक, 124 सहायक और 62 माइक्रो ऑब्जर्वर शामिल हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मतगणना केंद्र पर कुल 244 टेबल लगाए गए हैं. इनमें से 196 टेबल ईवीएम काउंटिंग के लिए और 48 टेबल पोस्टल बैलेट काउंटिंग के लिए होंगे. प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 14 काउंटिंग टेबल निर्धारित की गई हैं.
इसके अलावा हर विधानसभा के लिए एक एआरओ (सहायक रिटर्निंग ऑफिसर) टेबल भी बनाया गया है. हर टेबल पर एक माइक्रो ऑब्जर्वर, एक मतगणना पर्यवेक्षक और एक सहायक की तैनाती रहेगी.








