नालंदा- बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए आज 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान हो रहा है. तमाम लोग अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं लेकिन नालंदा जिले के डिहरी में वोटिंग शुरू नहीं हो पाई है. लोगों ने यहां वोट बहिष्कार कर दिया है.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह प्रखंड हरनौत के डिहरी में फ्लाई ओवर के अंडर पास नहीं बनने से लोग नाराज हैं. मुसहरी गांव के ग्रामीणों ने वोट का बहिष्कार कर दिया है. गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में स्थित बूथ संख्या 280 पर शाम के 5 बजे तक एक भी वोट नहीं पड़ा है.
डिहरी पंचायत में कुल दो बूथ है, जहां 1500 मतदाता हैं लेकिन कोई भी वोट देने नहीं आया. ग्रामीणों ने बताया कि नेशनल हाईवे 20 पर फोर लेन का निर्माण हुआ है लेकिन मुसहरी गांव के पास अंडर पास नहीं बनाया गया है. जिस वजह से सड़क पार करने के लिए हमें तीन-चार किलोमीटर लंबी दूरी तय करनी पड़ती है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ग्रामीणों ने बताया कि इसको लेकर पूर्व में भी कई जगह लिखित आवेदन दिया गया है. उसके बावजूद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ. ऐसे में मजबूरन हमने निर्णय लिया है कि गांव का कोई भी शख्स वोट नहीं डालेगा.
मतदान केंद्र संख्या 280 में महिला-पुरुष मिलाकर कुल 715 वोट है. इसके बावजूद एक भी वोट नहीं पड़ने की खबर जैसे ही अधिकारियों को मिली, सुपर जोनल मजिस्ट्रेट रंजीत कुमार गांव पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की. हालांकि बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकला और वे बैरंग लौट गए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








