अररिया- बिहार के फारबिसगंज प्रखंड के केवलाशी गांव में परमान नदी पर बना कौआचार पुल का एक स्पेन नदी में धंस गया है. जिसकी वजह से फारबिसगंज और पटेगना समेत अन्य गांव का सम्पर्क भंग हो गया है. पहले चरण के चुनाव से ठीक पहले पुल के धंसने से कांग्रेस ने आड़े हाथों लिया है और नीतीश सरकार पर हमला बोला है.
कांग्रेस ने इस मुद्दे को अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर भी उठाया है. कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए पुल के गुणवत्ता पर सवाल उठाया है. कांग्रेस ने कहा कि ”नीतीश-मोदी का भ्रष्टाचार देख लीजिए. ये NDA का फर्जी विकास है. जनता सब देख रही है, अब वोट से चोट करेगी.”
दरअसल, पुल का निर्माण 2019 में ही कराया गया था. यह पुल फारबिसगंज विधानसभा के कौआचार में परमान नदी पर स्थित है. पुल के निर्माण के बाद लोगों के आवागमन का यह प्रमुख साधन रहा. करोड़ों रूपये की लागत से बने पुल के बीच के पाया के धंस जाने के कारण इनके निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हालांकि यह कोई पहली बार हुई घटना नहीं है. बीते कुछ दिनों से बिहार में पुल धंसने की ख़बरें लगातार आती रही हैं. बीते साल भी सिकटी प्रखंड में बकरा नदी पर 12 करोड़ रूपये की लागत से बना पुल गिरकर ध्वस्त हो गया था. बकरा नदी पर बने इस पुल का उद्घाटन होना था, लेकिन उद्घाटन से पहले ही करोड़ों की लागत से बना यह पुल धवस्त हो गया था.








