गोड्डा- जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के डाहुबेड़ा गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. गांव में बनी पानी की टंकी अचानक भरभरा कर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घटना में तीन अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के वक्त सभी बच्चे पानी टंकी के नीचे स्नान कर रहे थे. अचानक टंकी का पुराना ढांचा ढह गया और भारी मात्रा में कंक्रीट और लोहे के रॉड बच्चों के ऊपर गिर पड़े. ग्रामीणों ने शोर मचाकर बच्चों को मलबे से बाहर निकाला और आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.
दुर्घटना की खबर मिलते ही गोड्डा डीसी अंजलि यादव और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार स्वयं सदर अस्पताल पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और परिजनों को सरकारी सहायता के साथ हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.डीसी ने संबंधित अधिकारियों को घटना की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हादसे के बाद पूरे डाहुबेड़ा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. मृत बच्चों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. ग्रामीणों का कहना है कि टंकी की नींव कमजोर थी और लंबे समय से मरम्मत की जरूरत थी, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से ध्यान नहीं दिया गया.








