चाईबासा- पश्चिमी सिंहभूम जिला के जराईकेला थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने रविवार की अहले सुबह कोलबोंगा गांव में स्थित एक मोबाइल कंपनी के टावर को आग के हवाले कर दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
नक्सलियों ने यह कदम सरकार और सुरक्षा बलों के खिलाफ विरोध जताने के उद्देश्य से उठाया है. इस दौरान उन्होंने टावर को आग लगाकर इलाके की संचार व्यवस्था ठप कर दी.
ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार रात में अचानक कुछ हथियारबंद नक्सली गांव में पहुंचे और धमकी भरे स्वर में टावर के पास मौजूद कर्मचारियों को भगा दिया. इसके बाद पेट्रोल डालकर टावर में आग लगा दी गई. कुछ देर में पूरा टावर धू-धूकर जल उठा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. पुलिस ने बताया कि नक्सलियों की तलाश जारी है और आसपास के गांवों में गश्त बढ़ा दी गई है.
वहीं, संचार सेवाएं बाधित होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. क्षेत्र में अब भी तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, जबकि सुरक्षा एजेंसियां किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अलर्ट पर हैं.
बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को सारंडा जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ के हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र लश्कर शहीद हो गए जबकि दो अधिकारी गंभीर रूप से घायल हुए थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दोनों घायलों को एयरलिफ्ट कर दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. वहीं एक हथिनी भी आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर घायल हो गयी थी. हथिनी की भी रविवार को मौत हो गयी.








