चाईबासा- पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा डाकघर में लाखों रुपये की फर्जी निकासी का खुलासा हुआ है. इस खुलासे के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है.
पुलिस ने इस घोटाले के मास्टरमाइंड और पूर्व उप डाकपाल विकास चंद्र कुइला को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने आम लोगों की जमा पूंजी से करीब ₹50.56 लाख रुपये ऑनलाइन जुए और कैसिनो ऐप्स में उड़ा दिए.
पुलिस जांच में सामने आया है कि विकास कुइला ने 1 फरवरी 2023 से 19 जून 2025 के बीच इस घोटाले को अंजाम दिया. उसने डाकघर की बचत योजनाओं में निवेश करने वाले खाताधारकों के पैसों को धीरे-धीरे निकालकर डेल्टा एक्सचेंज, धूम 999 कैसिनो, और अन्य ऑनलाइन जुआ प्लेटफॉर्म पर दांव लगाया और सब कुछ हार गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गुवा के डाक निरीक्षक सुमन कुमार सांमता की शिकायत पर गुवा थाना में कांड संख्या 34/2025 दर्ज की गई थी. जांच के दौरान आरोपी के एसबीआई और डाकघर खातों में संदिग्ध लेनदेन के कई सबूत मिले.
एसपी पश्चिमी सिंहभूम के निर्देश पर एसडीपीओ अजय केरकेट्टा (किरीबुरू) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने आरोपी के टुंगरी स्थित घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया.
पुलिस अब आरोपी के ऑनलाइन जुआ नेटवर्क और वित्तीय ट्रांजैक्शन की तहकीकात कर रही है. साथ ही, डाक विभाग ने भी आंतरिक ऑडिट शुरू किया है ताकि यह पता चल सके कि क्या इस घोटाले में अन्य कर्मचारी भी शामिल थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एसडीपीओ अजय केरकेट्टा ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है और जांच जारी है. अगर जांच में अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आती है, तो सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.








