गुमला- झारखंड के गुमला ज़िले में एक महीने से भी कम उम्र के दो नवजात शिशुओं को बेच दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हालांकि बाद में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उन दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया.
पुलिस ने बताया कि इस अवैध कृत्य में शामिल होने के आरोप में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पांच की पहचान हो गई है, जबकि दो अज्ञात लोग शामिल हैं.
मिली जानकारी अनुसार, दोनों नवजात शिशुओं को दो पक्षों को बेचा गया था. बाद में पुलिस ने एक बच्चा रांची से और दूसरा गुमला से बरामद किया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि मामला अवैध गोद लेने से संबंधित है, क्योंकि गोद लेने के कानून के तहत निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया था और स्वास्थ्य अधिकारियों ने कथित तौर पर माता-पिता को शिशुओं को सौंपने के लिए राजी किया था.
बताया जा रहा है कि एक शिशु का जन्म गुमला के रायडीह स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ, जबकि दूसरे शिशु का जन्म छत्तीसगढ़ के लोरो घाटी स्थित एक निजी अस्पताल में एक अविवाहित महिला से हुआ. बाद में मां ने ब्लॉक आदिवासी कल्याण अधिकारी से संपर्क किया और शिशु को बेच दिया.








