रांची- बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड पुलिस भी पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ चुकी है. झारखंड के पलामू, गढ़वा, चतरा और कोडरमा जैसे जिलों में विशेष सतर्कता बढ़ाने के निर्देश झारखंड पुलिस मुख्यालय के द्वारा दिया गया है.
आईजी अभियान डॉक्टर माइकल राज ने बताया की बिहार विधानसभा आम चुनाव को स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न करवाने को लेकर अवैध शराब और मादक पदार्थों के निर्माण, व्यापार, परिवहन और तस्करी के रोकथाम के लिए सभी तरह के निरोधात्मक कार्रवाई करने को लेकर निर्देश जारी किए गए है.
आईजी अभियान ने बताया की पूर्व में भी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सीएस और डीजीपी के स्तर से निर्देश जारी किए गए है. बॉर्डर वाले इलाकों में मादक पदार्थो और अवैध हथियार, पैसे और शराब के तस्करी पर ब्रेक लगाने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय के द्वारा झारखंड के सभी जिलों के एसएसपी/एसपी को अलर्ट जारी किया गया है. आईजी अभियान के द्वारा इस संबंध में सभी जिलों के एसपी को पत्र भी भेजा गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए झारखंड के आठ जिलों में चेक पोस्ट तैयार किया जा रहे हैं. सभी चेक पोस्टों पर बिहार पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा.
आईजी अभियान डॉक्टर माइकल राज ने बताया कि चुनाव आयोग के द्वारा जो भी गाइडलाइंस जारी किए गए हैं, उसके अनुसार तमाम तरह की सतर्कता झारखंड पुलिस के द्वारा बरती जा रही है. खासकर अवैध कैश पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. चुनाव आयोग के गाइडलाइंस के अनुसार जितना नगद ले जाने की इजाजत मिलती है. अगर उससे ज्यादा कोई कैश लेकर जाता है तो उस पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है.








