पटना- पटना सिटी के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के अंबेडकर कॉलोनी का रहने वाला 21 वर्षीय मोहम्मद हसन हथियार के साथ सोशल मीडिया पर रील्स बनाने के चक्कर में हवालात पहुंच गया. गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से उसे दबोच लिया.
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने हसन के पास से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए. हथियार के साथ वीडियो शूट करने के शौक ने युवक को सीधे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया. फिलहाल बरामद हथियार को सील कर जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मोहम्मद हसन को हथियार के साथ सेल्फी लेने और रील्स बनाने का शौक था. वह सोशल मीडिया पर अपने वीडियो दिखाकर धाक जमाना चाहता था. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि युवक किसी गैंग से जुड़ा नहीं है और उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गिरफ्तार युवक एक छोटे व्यापारी परिवार से ताल्लुक रखता है और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है. पुलिस के मुताबिक, परिवार उसकी हरकतों से अनजान था. अचानक गिरफ्तारी की खबर सुनकर परिवार सकते में है.
सुल्तानगंज थाना पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर लिए हैं. अब यह जांच की जा रही है कि हसन के पास यह पिस्टल कहां से आई और इसके पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ तो नहीं है. अधिकारियों ने कहा कि मामले की गहराई से पड़ताल की जाएगी और जरूरत पड़ने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








