पटना- जनता दल यूनाइटेड के प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की ‘बिहार अधिकार यात्रा’ को लेकर प्रतिक्रिया दी.
शनिवार को उन्होंने कहा कि तेजस्वी निसंदेह यात्रा निकाल सकते हैं, हमें इससे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उन्हें इस यात्रा में युवाओं की नौकरी के बारे में बात करनी चाहिए. उन्हें यह भी बताना चाहिए कि अभी तक उन्होंने नौकरी के बदले ली गई युवाओं की जमीन वापस क्यों नहीं की?
नीरज कुमार ने कटाक्ष करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव से जब इस संबंध में सवाल करो, तो वे कहते हैं कि मुझे इस बारे में जानकारी नहीं थी. मेरी तो उस समय मूंछ भी नहीं आई थी तो मैं कहना चाहूंगा कि यह बहुत ही अच्छा समय है. पितृपक्ष का समय चल रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आपके पास अच्छा समय है, आप अपने पिता की गलती को सुधार लीजिए और जिन लोगों से आपके पिता ने जमीन ली थी, उन्हें वापस लौटा दीजिए. उन्होंने कहा कि “मैं तो कहूंगा कि यह सभी जमीन आप पिछड़ों और अतिपिछड़ों को लौटा दीजिए. ऐसा करने से आपको भगवान का आशीर्वाद भी मिलेगा.”
वहीं, लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के उस पोस्ट पर भी जदयू नेता ने अपनी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा एक बहन और एक बेटी का फर्ज निभाया। मेरी अपनी खुद की कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा नहीं है.
इस पर नीरज कुमार ने कहा कि रोहिणी आचार्य ने अपने पोस्ट के जरिए अपनी पीड़ा व्यक्त की है. अब मैं समझता हूं कि लालू प्रसाद यादव के पाले में गेंद है. उनको ही मुख्य फैसला लेना है। उन्हें अपनी बेटी के मन की पीड़ा का ध्यान रखना होगा और इसके बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचना होगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








