पटना- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनावी साल में युवाओं को साधने में लगे हैं. एक सप्ताह के अंदर मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए दूसरी बड़ी घोषणा की है. पहले स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड लोन को ब्याज मुक्त कर दिया और उसकी वापसी की अवधि भी बढ़ा दी.
वहीं गुरुवार (18 सितंबर) को मुख्यमंत्री ने स्नातक पास युवाओं को 2 साल के लिए 1000 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने का भी बड़ा फैसला लिया है. इस फैसले से लाखों युवाओं को लाभ होगा. मुख्यमंत्री ने इसकी जानकारी एक्स पर पोस्ट करके दी है.
बेरोजगार युवाओं पर नीतीश मेहरबान: मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में स्नातक युवाओं के लिए यह बड़ा तोहफा देते हुए लिखा है कि नवम्बर 2005 में नई सरकार बनने के बाद से ही अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देना और उन्हें सशक्त और सक्षम बनाना हमलोगों की प्राथमिकता रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने आगे लिखा कि, आप अवगत हैं कि अगले पांच साल में एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. आने वाले समय में सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में नौकरी एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. इस निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वे नौकरी/रोजगार प्राप्त कर सकें.
नीतीश कुमार ने अपने पोस्ट में आगे लिखा है, “मुझे बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि राज्य सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम अन्तर्गत पूर्व से संचालित मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का विस्तार किया गया है.
इसके अन्तर्गत इंटर उत्तीर्ण युवक/युवतियों को पहले से दी जा रही स्वयं सहायता भत्ता योजना का लाभ अब कला, विज्ञान एवं वाणिज्य उत्तीर्ण स्नातक बेरोजगार युवक/युवतियों को भी दिए जाने का निर्णय लिया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
क्या है मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना? : 20-25 आयु वर्ग के वैसे स्नातक उत्तीर्ण युवक/युवतियां जो कहीं अध्ययनरत नहीं हैं तथा नौकरी/रोजगार के लिए प्रयास कर रहे हैं, उनका कोई स्वरोजगार नहीं है अथवा सरकारी, निजी, गैर सरकारी नियोजन प्राप्त नहीं है, को भी 1000 रुपए प्रतिमाह की दर से अधिकतम दो वर्षों तक मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता का भुगतान किया जाएगा.








