पटना- बिहार में आज एनडीए ने बंद का आह्वान किया. यह बंद कथित रूप से कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर हुई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बुलाया गया.
बंद के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट मोड पर दिखा. बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक यानी कुल 5 घंटे तक प्रभावी रहा. इसके बाद सामान्य जीवन और यातायात बहाल हो गया. एनडीए नेताओं ने दावा किया है कि बंद के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया गया.
एनडीए ने साफ किया है कि बंद से आपातकालीन सेवाओं को बाहर रखा गया. अस्पताल, एम्बुलेंस, पुलिस और फायर ब्रिगेड जैसी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहीं. रेलवे सेवाएं भी बंद के दौरान बाधित नहीं हुई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
राज्य सरकार की ओर से कोई आधिकारिक छुट्टी घोषित नहीं की गई है, इसलिए स्कूल और कॉलेज खुले रहे. बैंक सामान्य रूप से खुले रहे और डिजिटल लेनदेन की सुविधा भी मिलती रही.
हालांकि प्रदर्शन के कारण कुछ शाखाओं में कामकाज प्रभावित हुआ. एटीएम सेवाएं चालू रही. बंद का सबसे ज्यादा असर सड़कों पर दिखा. एनडीए कार्यकर्ता कई जगहों पर चक्का जाम करते दिखे. कहीं-कही हलकी झड़प भी देखने को मिला.
पटना के डाकबंगला चौराहे पर एनडीए के कार्यकर्ताओं ने शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव की गाड़ी को रोका है. साथ ही जज की गाड़ी को भी रोका गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जहानाबाद में बंद समर्थकों की गुंडागर्दी दिखी है. विरोध करने पर एक युवक की पिटाई कर दी गई. नगर थाना क्षेत्र के अरवल मोड़ के समीप की घटना है.
वहीं दरभंगा में जाम में फंसी एक महिला की बीजेपी नेताओं से बहस हो गई. महिला हंगामा करने लगी. इस बीच ड्यूटी पर जा रही एक अन्य महिला भी जाम में फंस गई. वह हाथ जोड़कर रास्ता खोलने के लिए गुहार लगाई दिखी.
शिवहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने अनोखा विरोध-प्रदर्शन किया है. दरअसल तेज धूप में भाजपा कार्यकर्ता जमीन पर ही लेट गए और बीच सड़क पर सोकर विरोध जताने लगे. साथ ही जीरो माइल पर सीतामढ़ी–शिवहर हाईवे को जाम कर दिया.








